जयपुर। प्रवर्तन निदेशालय के जयपुर जोनल ऑफिस ने बहुचर्चित नेक्सा एवरग्रीन मनी लॉन्ड्रिंग प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए घोटाले के मुख्य सूत्रधार रणवीर सिंह उर्फ रणवीर बिजारणिया को गिरफ्तार किया है। शनिवार दोपहर आरोपी को विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने गहन पूछताछ के लिए उसे 3 दिसंबर तक ईडी की रिमांड पर सौंप दिया है। इस मामले में कंपनी के संचालकों और सहयोगियों द्वारा आमजन से करीब 2,676 करोड़ रुपए जुटाने का खुलासा हुआ है।
राजस्थान पुलिस द्वारा नेक्सा एवरग्रीन ग्रुप के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और आरोप पत्र के आधार पर ईडी ने धन शोधन की जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि रणवीर बिजारणिया, सुभाष चंद्र बिजारणिया और उनके साथियों ने गुजरात के धोलेरा स्मार्ट सिटी में जमीन विकसित करने तथा प्लॉट आवंटित करने का सब्जबाग दिखाकर लोगों से निवेश करवाया। निवेशकों को 60 सप्ताह तक हर हफ्ते 3 प्रतिशत रिटर्न
देने का भरोसा दिलाया गया। इसके साथ ही चेन सिस्टम के तहत नए सदस्य जोड़ने पर आकर्षक कमीशन और लैपटॉप, बाइक व कार जैसे महंगे उपहारों का प्रलोभन भी दिया गया।
पोंजी स्कीम से 47,664 निवेशकों को लगी 932 करोड़ की चपत
ईडी की पड़ताल के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच इस स्कीम के जरिए 2,676 करोड़ रुपए एकत्र किए गए। कंपनी के सॉफ्टवेयर रिकॉर्ड से पता चला है कि 47,664 निवेशकों को उनके मूल निवेश से भी कम राशि लौटाई गई, जिससे उन्हें सीधे तौर पर 932.54 करोड़ रुपए का वित्तीय नुकसान हुआ। आरोपी नए निवेशकों से प्राप्त राशि को ही पुराने निवेशकों को बांटकर योजना चला रहे थे, जबकि बड़ी रकम को विभिन्न कंपनियों, एलएलपी फर्मों और सहयोगियों के खातों के माध्यम से घुमाकर अचल संपत्तियां खरीदने में खपा दिया गया।
इससे पूर्व जून 2025 में ईडी ने जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और अहमदाबाद के 25 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाकर 2.05 करोड़ रुपए नकद बरामद किए थे और बैंक व क्रिप्टो खातों में जमा 15.31 करोड़ रुपए फ्रीज किए थे। जांच एजेंसी इस प्रकरण में अब तक लगभग 52 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त व अटैच कर चुकी है। रिमांड अवधि के दौरान अब धन के लेन-देन और अन्य सहयोगियों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।

















