विद्याधर नगर स्टेडियम में 17 दिसंबर को जुटेंगे संत-महंत

0
29

जयपुर। गौवंश संरक्षण, भारतीय संस्कृति की प्रतिष्ठा और गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के संकल्प के साथ देशव्यापी ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ का शंखनाद गुलाबी नगरी जयपुर से होने जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आगामी 17 दिसंबर को विद्याधर नगर स्टेडियम में विशाल ‘गो सम्मान दिवस’ आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समागम में प्रदेशभर से प्रमुख संत-महात्मा, धर्माचार्य, गौशाला संचालक, विभिन्न सामाजिक संगठन और हजारों की संख्या में गौभक्त शामिल होकर गोमाता के सम्मान की आवाज बुलंद करेंगे।

अभियान के आयोजकों का मानना है कि गोमाता का संरक्षण और संवर्धन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय कृषि परंपरा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संतुलन और राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान का मुख्य आधार है।

इसी व्यापक सोच के साथ संवैधानिक दायरे में रहकर पूर्णतः अहिंसक तरीके से केंद्र और देश की सभी राज्य सरकारों के समक्ष गौवंश संरक्षण से जुड़ी ठोस मांगें रखी जाएंगी। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के प्रधान संरक्षक वेदलक्षणा गोमाता (आध्यात्मिक मां सुरभि) तथा अध्यक्ष नंदी बाबा (नीलमणि वृषभदेव) हैं।

अभियान से जुड़े ताराचंद कोठारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन के माध्यम से देश और सरकारों के सामने चार मुख्य मांगें रखी जाएंगी। पहली मांग संपूर्ण भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और देसी गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है। दूसरी मांग गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ अथवा ‘राष्ट्र आराध्या’ का संवैधानिक पद प्रदान कर राष्ट्रीय सम्मान दिलाने की है।

तीसरी मांग गोसेवा के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाने और केंद्र सरकार में एक पृथक ‘केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय’ गठित करने की है। वहीं, चौथी मांग गोचर भूमि की सुरक्षा, चारा सुरक्षा नीति, गो-आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने तथा वेदलक्षणा गोवंश से प्राप्त पंचगव्य उत्पादों के महत्व को शिक्षा प्रणाली से जोड़ने की है।

विद्याधर नगर स्टेडियम में कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे से 1:15 बजे तक विभिन्न संकीर्तन मंडलों द्वारा ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ विजय मंत्र के सामूहिक जाप के साथ होगी। इसके पश्चात दोपहर 1:15 बजे से मंच पर विराजमान साधु-संतों का प्रेरक उद्बोधन होगा। उद्बोधन के बाद समस्त सनातन धर्मावलंबियों की भावनाओं और अभियान की मांगों से जुड़ा ज्ञापन केंद्र और राज्य सरकार को प्रेषित किया जाएगा।

आयोजन में पधारने वाले सभी संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की समुचित व्यवस्था रहेगी। अभियान से जुड़ने के इच्छुक गौभक्त 9067777323 पर मिस्ड कॉल देकर या 8239711008 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी विस्तृत जानकारी साझा कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here