जयपुर। गुप्त वृंदावन धाम में आयोजित श्री जगन्नाथ बाल रथयात्रा महोत्सव में बच्चों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ आकर्षक रथ तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की सुंदर झांकियों से सजे रथ सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने बताया कि उन्हें रथ निर्माण की प्रेरणा मंदिर के आईसीवीके (इंडियन कल्चर वैल्यू फॉर किड्स) कार्यक्रम से मिली।
रथों के निर्माण में कार्डबोर्ड, क्ले, रंग, आइसक्रीम स्टिक, रस्सी सहित विभिन्न हस्तशिल्प सामग्री का उपयोग किया गया। कई बच्चों ने स्वयं मिट्टी से भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की प्रतिमाएं तैयार कीं, जबकि कुछ ने जगन्नाथ पुरी की ऐतिहासिक रथयात्रा से प्रेरित दो मंजिला रथ बनाए।
कार्यक्रम में भव्या लेखवानी, पिहू सहित अनेक बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। बाल रथयात्रा के दौरान बच्चों ने “जय जगन्नाथ” के जयघोष के साथ रथ खींचे। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की परंपरा से जोड़ना रहा।



















