सड़क किनारे खराब खड़ी बस को पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने मारी टक्कर, हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत

0
41
A trailer truck rear-ended a bus that was parked on the roadside due to a breakdown.
A trailer truck rear-ended a bus that was parked on the roadside due to a breakdown.

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के मौखमपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खराब खड़ी बस को पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए भिजवाया। मृतकों के शवों को उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।

मौखमपुरा थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि बस में सवार सभी लोग जयपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी थे और सांवरिया सेठ के दर्शन कर चित्तौड़गढ़ से जयपुर लौट रहे थे। वहीं रास्ते में मौखमपुरा के पास बस का एक्सल टूट जाने से चालक ने वाहन को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत शुरू कर दी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक ट्रेलर ने बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में घाट की गूणी निवासी मधुराज (30) और चांदपोल निवासी राहुल हरिजन (29) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कानोता के राजपूतों का मोहल्ला निवासी भंवर सिंह राजावत ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

इसके अलावा इस हादसे में हीदा की मोरी निवासी कांता (51), रोहन (21), वर्षा (16) और कार्तिक (8), पुरानी बस्ती निवासी रेखा (43) तथा बलोदा का रास्ता निवासी चंचल आदिवाल (13) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। वहां से एक यात्री की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को बगरू उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। इधर हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर भारी जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना का कारण बने तेज रफ्तार ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here