आईटीडब्ल्यू 2026: बाघ संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा सम्मानित

0
46

जयपुर। लिव4फ्रीडम एलएलपी की ओर से आयोजित 5वें रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक (आईटीडब्ल्यू) 2026 का रविवार सुबह टाइगर सफारी के साथ भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार शाम आयोजित मुख्य समारोह में बाघ संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और वन्यजीव सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को 11 श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को “चीफ मिनिस्टर ऑफ द ईयर – टाइगर कंजर्वेशन लीडरशिप अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पेंच नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व के बीच से गुजरने वाले एनएच-44 के पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन और नवाचार के लिए “इनोवेटिव टाइगर कंजर्वेशन प्रोजेक्ट ऑफ द ईयर” अवॉर्ड प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंजाब के पूर्व राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक वी.पी. बदनोर के विशिष्ट आतिथ्य में हुई। उन्होंने लिव4फ्रीडम द्वारा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मशहूर बॉलीवुड अभिनेता, लेखक एवं निर्माता राहुल सिंह ने वन्यजीव संरक्षण में सिनेमा की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं “फ्रंटलाइन प्रोटेक्शन” सत्र में वाइल्डलाइफ एसओएस के को-फाउंडर एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने प्रभावी संरक्षण रणनीतियों पर विचार साझा किए।

“द रिस्पॉन्सिबल सफारी” सत्र में आउटलुक ट्रैवलर की डिजिटल एडिटर अंतरा चटर्जी, इंडिट एसोसिएट्स के पार्टनर अभिषेक कुमार, क्लाइमेट बॉन्ड्स साउथ एशिया की हेड नेहा कुमार और मंडावा ग्रुप ऑफ होटल्स के डायरेक्टर कुंवर अंगद देव ने पर्यटकों की जिम्मेदारियों और जंगल सफारी के नियमों पर विस्तृत चर्चा की।

पूर्व न्यायाधीश जस्टिस धर्मेश शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न्यायिक और कानूनी क्षेत्र के लोगों को वन्यजीव मामलों की गहराई समझने में मदद मिलती है और इन्हें न्यायिक प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

वहीं रणथंभौर टाइगर रिजर्व के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर एवं डिप्टी फील्ड डायरेक्टर मानस सिंह ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण बिना सामूहिक सहयोग के संभव नहीं है। लिव4फ्रीडम जैसे संगठन वन विभाग के साथ मिलकर समाज में जागरूकता का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here