जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने महिला अत्याचार के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई दिनों से पुलिस से बचने के लिए वेश बदलकर सेंट्रल जेल के पीछे किराए के कमरे में छिपा हुआ था।
पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि पीड़िता ने 2 मई 2026 को जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी साहिल खान उर्फ गोलू ने नवंबर 2023 में उससे दोस्ती की थी। बाद में जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर वह युवती को जवाहर नगर स्थित होटल केपटाउन लाइट में ले गया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया तथा आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने विरोध किया और आत्महत्या की बात कही तो आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर उसे बहलाता रहा। बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अपना घर छोड़कर फरार हो गया था। उसने पुलिस को चकमा देने के लिए घाटगेट इलाके में सेंट्रल जेल के पीछे किराए का कमरा लिया और पत्नी के साथ वहीं छिपकर रह रहा था। आरोपी लंबे समय से घर से बाहर भी नहीं निकल रहा था।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता मोबाइल लोकेशन सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया और घेराबंदी कर उसे डिटेन कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल खान उर्फ गोलू (28) पुत्र नईम खान निवासी कयामखानी मोहल्ला, घाटगेट के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।



















