फर्जी पट्टों से प्लॉट बेचने वाला पांच हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

0
38
Accused, carrying a reward of ₹5,000 for selling plots using fake leases, arrested.
Accused, carrying a reward of ₹5,000 for selling plots using fake leases, arrested.

जयपुर। रामगंज थाना पुलिस ने फर्जी पट्टे जारी कर प्लॉट बेचने और करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी आरोपी साबिर खान 50) निवासी खोह नागोरियान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक षड्यंत्र के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि आरोपी साबिर खान और उसके साथियों ने पहले मूल खातेदारों से जमीन खरीदने के लिए इकरारनामा किया। इसके बाद संबंधित भूमि पर कॉलोनी विकसित करने का दावा करते हुए फर्जी पट्टे तैयार कर विभिन्न लोगों को प्लॉट आवंटित कर दिए। आरोप है कि खातेदारों को इकरारनामे के अनुसार राशि का भुगतान किए बिना ही प्लॉट धारकों से मोटी रकम वसूल ली गई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्लॉट खरीदने वाले लोग जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे। वहां मूल खातेदारों ने बताया कि उन्हें जमीन के बदले कोई भुगतान नहीं मिला है और न ही कॉलोनी विकसित करने की अनुमति दी गई है। इसके बाद पीड़ितों ने रामगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा के निर्देश पर गठित विशेष टीम मामले की जांच कर रही थी। इस प्रकरण में आरोपी प्रवीण कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि साबिर खान लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

डीएसटी जयपुर उत्तर की टीम से मिली सटीक सूचना के आधार पर रामगंज थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here