मंदिर से लौट रही वृद्धा को पटककर सोने की चेन लूटने वाले मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

0
41
Three arrested, including the main accused, for snatching a gold chain.
Three arrested, including the main accused, for snatching a gold chain.

जयपुर। सोडाला थाना पुलिस ने मंदिर से लौट रही एक वृद्धा से मारपीट कर सोने की चेन और टॉप्स लूटने के सनसनीखेज मामले का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित लूट का माल खरीदने वाले दो कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है। लूटी गई ज्वैलरी की कीमत करीब 4.23 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि सोडाला थाने में दर्ज मामले के अनुसार खातीपुरा रोड निवासी विनोद कुमार अग्रवाल ने रिपोर्ट दी थी कि उनकी सास संतोष अग्रवाल श्याम सदन अपार्टमेंट, गुलाबी नगर, सोडाला में रहती हैं। 2 जून को दोपहर करीब 12.40 बजे वे मंदिर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और मारपीट करते हुए कान का टॉप्स तथा गले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। वारदात में एक ऑटो की भी भूमिका सामने आई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सुनील प्रसाद शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी बलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की।

जांच में आरोपी की पहचान अनीकेश रावत (22) निवासी मुरैना (मध्यप्रदेश), हाल किरायेदार गंगाविहार कॉलोनी, सुशीलपुरा, सोडाला के रूप में हुई। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के सबलगढ़ पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी छत से कूदकर भागने लगा, लेकिन गिरने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह जयपुर में किराये पर रहकर काम की तलाश के बहाने क्षेत्र में घूमता था। जुए-सट्टे में कर्ज होने के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। वारदात वाले दिन भी वह शिकार की तलाश में घूम रहा था। पहले हनुमान मंदिर में करीब दो घंटे रुका और बाद में सुनसान रास्ते पर अकेली महिला को देखकर मारपीट कर सोने की चेन और टॉप्स लूट लिए।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने लूटी गई ज्वैलरी को मानसरोवर स्थित एक ज्वैलर्स के माध्यम से बेच दिया था। इसके आधार पर पुलिस ने माल खरीदने वाले महेश चंद्र गुप्ता (61) निवासी वीटी रोड, मानसरोवर और राजेंद्र अग्रवाल (63) निवासी हीरापथ, मानसरोवर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी अनीकेश रावत पूर्व में भी 24 अप्रैल 2026 को रामनगर विस्तार-महेश नगर क्षेत्र में एक महिला से मकान पूछने के बहाने चेन लूट की वारदात कर चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here