जयपुर। रामनगरिया थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए वांछित आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो बरामद की है। वहीं हॉस्टलों में छात्रों के मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने वाले आरोपी को 24 घंटे में हरियाणा के धारूहेड़ा से गिरफ्तार कर करीब तीन लाख रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस पर फायरिंग कर हुआ था फरार
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन व सहायक पुलिस आयुक्त सांगानेर दीपक खंडेलवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
एक जून 2025 को बजाज नगर थाने के कांस्टेबल रामअवतार और हेड कांस्टेबल धर्मसिंह वांछित आरोपी योगेंद्र शर्मा की तलाश में नंदन एनक्लेव, वीआईटी कॉलेज के पीछे पहुंचे थे। पुलिस टीम के मकान में प्रवेश करते ही कमरे में मौजूद संदीप राज शर्मा ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। गोली कांस्टेबल के हाथ को छूकर निकल गई। इसके बाद आरोपी कट्टा लहराते हुए बाहर खड़ी स्कार्पियो से फरार हो गया।
संदीप राज शर्मा को आर्म्स एक्ट के मामले में 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था और तीन सितंबर को केंद्रीय कारागार जयपुर भेजा गया। रामनगरिया पुलिस ने सात सितंबर को जानलेवा हमले व आर्म्स एक्ट के मामले में न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर उसे गिरफ्तार किया और वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो बरामद की। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में जमीन विवाद से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एसकेआईटी कॉलेज के पास पीजी में छात्रों के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी मोहम्मद आवेश उर्फ ओवेश उर्फ उवेश खान (22) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश को हरियाणा के धारूहेड़ा से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार छह सितंबर को प्रियांशु पाल व अन्य छात्रों ने रिपोर्ट दी थी कि चार सितंबर की देर रात सोने के बाद सुबह उनके कमरों से आठ मोबाइल, दो लैपटॉप, स्मार्ट घड़ी और हेडफोन गायब मिले।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ बिजनौर से बिना नंबर की रॉयल एनफील्ड बाइक पर करीब 500 किलोमीटर का सफर तय कर जयपुर आते थे। अलसुबह हॉस्टलों में घुसकर सो रहे छात्रों के कीमती सामान चोरी करने के बाद वापस उत्तर प्रदेश चले जाते थे। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पीछा कर आरोपी को धारूहेड़ा इंटरचेंज से पकड़ा। उसके कब्जे से करीब तीन लाख रुपए कीमत के दो लैपटॉप, आठ मोबाइल, एक स्मार्ट घड़ी, एक हेडफोन और बिना नंबर की रॉयल एनफील्ड बाइक बरामद की गई।


















