जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव रविवार को जयपुर प्रवास के दौरान सबसे पहले जयनिवास बाग स्थित ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर में अभिनेता के पहुंचने की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं और प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दर्शन के दौरान राजपाल यादव को देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए फैंस चारों ओर से घिर गए।
बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें गर्भगृह तक ले जाया गया। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर प्रशासन और पुजारियों से आशीर्वाद लिया। भीड़ के बावजूद अभिनेता ने मुस्कुराते हुए प्रशंसकों का अभिवादन किया और कई लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। बाद में पुलिस ने उन्हें सुरक्षित मंदिर परिसर से बाहर निकाला।
राजपाल यादव इन दिनों एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में जयपुर आए हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेता अक्षय कुमार के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग भी जयपुर में पूरी की है। शूटिंग के दौरान भी उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक जुटे थे।
करीब ढाई दशक से बॉलीवुड में सक्रिय राजपाल यादव अपनी कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने हंगामा, भूल भुलैया, चुप चुप के, फिर हेरा फेरी, गरम मसाला, भागम भाग, मालामाल वीकली, ढोल और भूल भुलैया-2 जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। हाल के दिनों में वे एक पुराने कानूनी मामले को लेकर भी चर्चा में रहे, लेकिन इसके बावजूद फिल्मों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय हैं।



















