जयपुर। जयनिवास बाग स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देवजी महाराज में रविवार को आषाढ़ शुक्ल षष्ठी के अवसर पर फूल के डोल मनोरथ के तहत भव्य फूल बंगला झांकी सजाई गई। श्रीमन्माध्व गौड़ेश्वर आचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में ग्वाल झांकी के दौरान ठाकुर श्री राधा-गोविन्द देवजी ने भक्तों को अलौकिक दर्शन दिए।
इस अवसर पर ठाकुरजी और राधा रानी को फूलों से बनी विशेष पोशाक पहनाई गई तथा फूलों के आभूषणों एवं अलंकारों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। सिंहासन को भी आकर्षक फूल सज्जा से सजाया गया, जिसमें ठाकुरजी को सखियों के साथ होली क्रीड़ा करते हुए दर्शाया गया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार यह झांकी गौड़ीय परंपरा में पूर्व आचार्यों द्वारा वर्णित लीलाओं और पदावलियों पर आधारित है। अलौकिक फूल बंगला झांकी के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भक्तों ने अपने आराध्य के प्रति प्रेम एवं भक्ति भाव प्रकट किया।



















