जयपुर। रामनगरिया थाना इलाके में सड़क किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने आशंका जाहिर कि महिला की कहीं अन्यत्र स्थान पर हत्या करने के बाद शव को यहां पर फैका गया है। पुलिस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब 8.30 बजे किसी ने जीरोता में अपेरल पार्क के पास सड़क किनारे महिला का शव पड़ा होने की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखवाया। मृतक की उम्र करीब 26 साल है और उसके दाहिनें हाथ पर राहुल डूना लिखा हुआ है। महिला के गले पर निशान मिले है। महिला की पहचान के लिए पुलिस आस-पास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि महिला के गले पर निशान मिले है। यह निशान गला घोटने या फांसी लगाने जैसा लग रहा है। किसी ने वारदात को अन्यत्र स्थान पर अंजाम देकर शव को यहां पर फेंक दिया है। महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे है। महिला की पहचान के बाद ही घटना से पर्दा उठ पाएगा। महिला ने पजामा और काला बनियान पहन रखा है। घटना स्थल और उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।