बावरिया गैंग का पर्दाफाश: रात में शटर-ताले तोड़ने वाली शातिर हिस्ट्रीशीटर सरगना दीपू गिरफ्तार

0
65
Bawaria gang busted
Bawaria gang busted

जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने रात के समय बंद दुकानों के ताले और शटर तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली अंतरराज्यीय ‘बावरिया गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना एवं कालवाड़ थाने के हिस्ट्रीशीटर दीपू बावरिया उर्फ चूचिया निवासी नरेना हाल मांचवा कालवाड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ जयपुर, दौसा और जोधपुर सहित विभिन्न जिलों में करीब 32 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जेल से बाहर आने के बाद अपने साथियों के साथ जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय बंद दुकानों को निशाना बनाता था। चोरी का सामान बेचकर मिलने वाली रकम गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते और ऐशो-आराम में खर्च करते थे। आरोपी के खिलाफ झोटवाड़ा, शाहपुरा (जयपुर ग्रामीण), मुहाना सहित कई थानों के स्थायी वारंट भी लंबित हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, दौसा और जोधपुर के विभिन्न थानों में लूट, नकबजनी, वाहन चोरी, बिजली अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित करीब 32 मुकदमे दर्ज हैं। अकेले करधनी थाने में उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि झोटवाड़ा, मानसरोवर, शिप्रापथ, भांकरोटा, कालवाड़, मुहाना, फुलेरा, शाहपुरा, दौसा कोतवाली और जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाने में भी उसके खिलाफ प्रकरण लंबित हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश और अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here