जयपुर ज्वेलरी शो (जेजेएस) को मिला नया नेतृत्व: राजीव जैन सर्वसम्मति से बने चेयरमैन

0
108
Rajiv Jain unanimously elected Chairman.
Rajiv Jain unanimously elected Chairman.

जयपुर। जयपुर ज्वेलरी शो (जेजेएस) की आयोजन समिति ने सर्वसम्मति से राजीव जैन को जयपुर ज्वेलरी शो (जेजेएस) का चेयरमैन निर्वाचित किया है। रत्न एवं आभूषण उद्योग के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व राजीव जैन ने इस क्षेत्र में दशकों तक उल्लेखनीय सेवाएँ प्रदान की हैं तथा अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

उनके द्वारा संभाले गए प्रमुख पदों में जेम्स एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित, के पूर्व चेयरमैन; कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई), राजस्थान के चेयरमैन म्यूज़ियम ऑफ जेम्स एंड ज्वेलरी, जयपुर के संस्थापक चेयरमैन तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जेम्स एंड ज्वेलरी जयपुर के पूर्व चेयरमैन शामिल हैं।

राजीव जैन अब विमल चंद सुराणा का स्थान लेंगे। जिन्होंने पिछले 19 वर्षों तक जयपुर ज्वेलरी शो का सफल नेतृत्व किया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, समर्पण एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप जयपुर ज्वैलरी शो आज देश के सबसे प्रतिष्ठित एवं सफल रत्न एवं आभूषण आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

आयोजन समिति ने विमल चंद सुराणा के विशिष्ट नेतृत्व, उत्कृष्ट सेवाओं तथा जयपुर ज्वेलरी शो के विकास एवं विस्तार में उनके अमूल्य योगदान के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से जयपुर ज्वैलरी शो का संरक्षक (पैट्रन) मनोनीत किया है।

साथ ही इन नियुक्तियों के बाद, जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस) की कार्यकारिणी का गठन इस प्रकार किया गया है। इसके अलावा दिनेश खटोरिया को वाइस चेयरमैन, कमल कोठारी को सचिव, अजय काला एवं अशोक सिंघी को संयुक्त सचिव और डॉ. नवल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

समिति के सभी सदस्यों ने राजीव जैन को सर्वसम्मति से चेयरमैन निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जयपुर ज्वेलरी शो नई उपलब्धियों के शिखर को प्राप्त करेगा तथा देश के अग्रणी रत्न एवं आभूषण आयोजनों में अपनी प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

आयोजन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि समिति एवं उप समितियों के सभी सदस्यों के निरंतर सहयोग और सक्रिय सहभागिता से जयपुर ज्वेलरी शो अपनी गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here