जयपुर। महर्षि अरविंद विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी विभाग की ओर से विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के उपलक्ष्य में फिजियो उत्सव-2026 आयोजित किया गया। उत्सव में रक्तदान शिविर, मॉडल प्रतियोगिता, जागरूकता अभियान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह से भाग लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत चेयरपर्सन डॉ. भारत पाराशर ने दीप प्रज्वलित कर की। मुख्य अतिथि फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पंकज चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में फिजियोथेरेपी की मांग तेजी से बढ़ रही है। विभागाध्यक्ष डॉ. साएमा ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन देने वाली सेवा है।
इस दौरान फिजियोथेरेपी के महत्व और स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी बढ़ती भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट प्रो. डॉ. एससी जैन, रजिस्ट्रार गजेंद्र सिंह यादव, मैनेजमेंट नॉमिनी सतीश व्यास और डॉ. मयंक शर्मा सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।



















