घर के बाहर खेल रही बच्ची को कार ने रौंदा

0
41

जयपुर। एयरपोर्ट थाना इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पन्द्रह माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची को पड़ोस में रहने वाली महिला लेक्चरर ने कार बैक करते समय कुचल दिया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया।

सहायक पुलिस आयुक्त विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि घटना सिद्धार्थ नगर इलाके की है। मासूम किट्टू के पिता दिनेश गुर्जर आबकारी थाना क्षेत्र के पास डेयरी संचालित करते हैं और परिवार सिद्धार्थ नगर में रहता है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे किट्टू घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला काजल ठाकुरिया अपनी कार को पीछे ले रही थी। कार का पिछला टायर बच्ची के ऊपर चढ़ गया।

परिजनों ने घायल बच्ची को उसी कार से जवाहर सर्किल स्थित ईएचसीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां करीब दो घंटे तक चले उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद महिला कार से बाहर निकलकर खड़ी रही। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए हंगामा किया।

एसीपी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रहने वाली पन्द्रह माह की बच्ची की सड़क हादसे में मौत हुई है। पड़ोस में रहने वाली महिला कार चला रही थी। कार बैक करते समय बच्ची नीचे आ गई। गंभीर घायल अवस्था में बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।

वहीं किट्टू के चाचा विक्रम सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि घर के बाहर तीन-चार बच्चे खेल रहे थे। गली के आगे का हिस्सा बंद होने के कारण परिवार के सदस्य बाहर नहीं थे। इसी दौरान पड़ोसी महिला ने सामने से बच्ची को टक्कर मार दी और बाद में गाड़ी को पीछे ले लिया, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here