जयपुर में भाजपा की प्रचंड जीत पर जश्न, सिविल लाइंस में लड्डू वितरण व आतिशबाजी

0
73
Celebrations in Jaipur over BJP's landslide victory
Celebrations in Jaipur over BJP's landslide victory

जयपुर। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक व प्रचंड विजय के बाद राजधानी जयपुर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सिविल लाइंस क्षेत्र में विधायक गोपाल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया।

इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा राकड़ी क्षेत्र की बंगाली बस्तियों में पहुंचे, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने पश्चिम बंगाल में मिली विजय के उपलक्ष्य में बंगाली समाज के लोगों का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान कूचबिहार उत्तर सीट के मतदाता श्याम लाल रे, मंजू रे सहित अन्य नागरिकों को माला पहनाकर उनका आभार जताया गया तथा मुंह मीठा करवाया गया।

वहीं, सोडाला स्थित बंगाली बस्ती चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया और लड्डू वितरित कर आमजन को जीत की शुभकामनाएं दीं। पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल देखने को मिला।

इससे पूर्व सिविल लाइंस के भाजपा कार्यकर्ता विधायक गोपाल शर्मा के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का 51 किलो की भव्य माला पहनाकर सामूहिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि यह प्रचंड जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, भाजपा संगठन की अथक मेहनत और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के कई कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत किया, जिसका परिणाम यह ऐतिहासिक विजय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here