पुलिस ने पकड़ी हथियार व मादक पदार्थों की खेप

0
73
Police seized a consignment of weapons and drugs
Police seized a consignment of weapons and drugs

जयपुर/श्रीगंगानगर। सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियारों और मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद की है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार सीमा क्षेत्र में सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के निर्देशन में समेजा कोठी थाना पुलिस ने सोमवार को गश्त के दौरान मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार कांस्टेबल कालूराम को सूचना मिली कि एक किआ सोनेट कार में सवार दो युवक बॉर्डर एरिया में मादक पदार्थ की डिलीवरी लेने आए हैं। सूचना पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।

इस दौरान संदिग्ध कार सलेमपुरा से बाजूवाला की ओर जाते हुए सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार की निजी बोलेरो को टक्कर मारते हुए वापस समेजा कोठी की ओर भाग निकली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कस्बे के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी तोड़ने के प्रयास में आरोपियों की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे वाहन रुक गया। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक बैग में 5 पिस्तौल, 72 कारतूस, 1 किलो 494 ग्राम हेरोइन तथा 990 ग्राम अफीम बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह व रोबिन सिंह पुत्र बलकार सिंह, निवासी महात्मा नगर, फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल सूरजभान और कांस्टेबल कालूराम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और सूझबूझ की सराहना की है। पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी चोट है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here