जयपुर। सेठी कॉलोनी स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका प्रमुख 105 जिनदेवी माताजी ससंघ के सानिध्य में आयोजित 44 दिवसीय श्री कल्याण मंदिर दीपार्चना महोत्सव के तहत सोमवार को संगीतमय दीपार्चना एवं धर्मसभा का आयोजन हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर आराधना की।
धर्मसभा में जिनदेवी माताजी ने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि नियमित दिनचर्या और अनुशासन से मिलती है। उन्होंने प्रातःकाल को आत्मचिंतन, स्वाध्याय, ध्यान और पूजा के लिए सबसे श्रेष्ठ समय बताते हुए कहा कि सूर्योदय से पहले उठने वाला व्यक्ति उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल के साथ जीवन में आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम से पूर्व चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन एवं माताजी का पाद प्रक्षालन किया गया तथा जिनवाणी भेंट की गई। कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष दीनदयाल पाटनी, महामंत्री धर्मीचंद कासलीवाल, कोषाध्यक्ष राकेश मुशर्रफ, उपाध्यक्ष सुनील सेठी, महिला मंडल अध्यक्ष नीतू मुशर्रफ, महामंत्री शिल्पा पहाड़िया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि मंगलवार को अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम पूजा, संगीतमय दीपार्चना एवं माताजी के मंगल प्रवचन होंगे। वहीं 9 अगस्त को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक 12 घंटे का अखंड णमोकार मंत्र जाप आयोजित किया जाएगा।



















