जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि परिचित के साथ मंदिर गई छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों में राजस्थान को बलात्कार के मामलों में शीर्ष बताया जाना गंभीर चिंता का विषय है।
खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को स्वयं पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से मिलकर मामले में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अब तक किसी भी बलात्कार पीड़िता या उनके परिवार से नहीं मिले, जिससे सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और चोरी, लूट, डकैती, चेन स्नैचिंग, किडनैपिंग तथा भू-माफिया से जुड़ी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है।
इस बीच, खाचरियावास ने मंत्री गौतम दक द्वारा पुलिस कर्मियों के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा के उपयोग पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा से सरकार का “असली चरित्र” सामने आता है और इससे जनता का विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ से इस प्रकरण पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार के मंत्री ही इस तरह की भाषा का प्रयोग करेंगे तो आम जनता का प्रशासन और सरकार पर भरोसा प्रभावित होगा।



















