संगीतमय नानी बाई रो मायरो कथा का शुभारंभ: श्रद्धालु भक्ति रस में हुए सराबोर

0
35

जयपुर। सावन मास के पावन अवसर पर मुरलीपुरा की रामेश्वरम धाम कॉलोनी स्थित गौड़ विप्र समाज भवन में रविवार से तीन दिवसीय संगीतमय नानी बाई रो मायरो कथा का श्रद्धापूर्वक शुभारंभ हुआ। कथा के शुभारंभ अवसर पर रामेश्वर धाम कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष अशोक साह ने मुख्य यजमान के रूप में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आयोजन का शुभारंभ कराया।

व्यासपीठ से साध्वी नीतू तिवारी (श्रीजी) ने कथा के प्रथम दिवस भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, संत परंपरा एवं पारिवारिक संस्कारों पर आधारित प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण एवं संगीतमय वर्णन किया। उन्होंने कहा कि परिवार के रिश्ते अत्यंत नाजुक होते हैं और इन्हें प्रेम, विश्वास तथा आपसी सम्मान से सहेजना चाहिए। यदि सास अपनी बहू को बेटी और बहू अपनी सास को मां का सम्मान दे, तो परिवार की अधिकांश समस्याओं का सहज समाधान हो सकता है।

कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति रस में सराबोर हो गए। आयोजन से जुड़े ऋषि राणा ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक होगी।

आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आसपास की कॉलोनियों में घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन का समापन 4 अगस्त को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गायत्री महायज्ञ के साथ होगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा एवं महायज्ञ में सहभागिता कर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here