जयपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन जयपुर की ओर से 9 से 17 अगस्त तक जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनजागरूकता, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान तिरंगा रैली, बाइक एवं साइकिल रैली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् एवं सामूहिक गायन तथा तिरंगा सजावट जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को जन जागरूकता गतिविधियों, तिरंगा रैली, शपथ ग्रहण और देशभक्ति कार्यक्रमों से होगी। 10 अगस्त को तिरंगा वितरण एवं घर-घर संपर्क अभियान, 11 अगस्त को विद्यालयों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं तथा 12 अगस्त को बाइक और साइकिल तिरंगा रैली निकाली जाएगी। 13 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा सजावट अभियान चलेगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में संगोष्ठियां एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विभाजन की त्रासदी, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया जाएगा। 15 अगस्त को ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 16 अगस्त को प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा तथा 17 अगस्त को अभियान का समापन समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और सहभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए नगर निगम, नगर परिषद, नगरपालिकाएं, जिला परिषद, शिक्षा, कॉलेज शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्थानीय निकाय विभाग, पंचायत समितियों सहित विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभागों को गतिविधियों की जानकारी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर ने जिले वासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की अपील की।



















