पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने कसी कमर: कैंपेन कमेटी की बैठक में बनी चुनाव प्रचार की वृहद रणनीति

0
37
Congress intensifies preparations for the upcoming Panchayat Raj Institutions elections in Rajasthan
Congress intensifies preparations for the upcoming Panchayat Raj Institutions elections in Rajasthan

जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके चलते बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के वार रूम में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और एआईसीसी राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की अगुवाई में कैंपेन कमेटी की बैठक हुई। इसमें चुनाव प्रचार, प्रत्याशी चयन और संगठन को सक्रिय करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रणनीति तैयार की गई।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, एआईसीसी सहप्रभारी चिरंजीव राव, ऋत्विक मकवाना, पूनम पासवान और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कैंपेन कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

शीर्ष नेता संभालेंगे प्रचार की कमान

प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि बैठक में पार्टी प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रचार अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर जोर दिया गया। तय किया गया कि कांग्रेस के शीर्ष नेता अपने प्रभार वाले जिलों में प्रचार करने के साथ जिला कांग्रेस कमेटियों के आग्रह पर अन्य जिलों में भी जनसभाएं करेंगे। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के जरिए पंचायत चुनाव में पार्टी को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।

जिला स्तर पर बनेगी पॉलिटिकल अफेयर कमेटी

कैंपेन कमेटी की बैठक के बाद पीसीसी मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई। डोटासरा ने सभी जिलों में जिला पॉलिटिकल अफेयर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।

कमेटी में जिले के वर्तमान और पूर्व विधायक, सांसद, विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, पंचायत राज के जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों और विभागों के पदाधिकारी शामिल किए जाएंगे। इन कमेटियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर संभावित प्रत्याशियों के बारे में राय लेकर पारदर्शिता के साथ चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

एकजुट होकर चुनाव लड़ने पर जोर

बैठक में नेताओं ने पंचायत समितियों और जिला परिषदों में जीत के लिए संगठन को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने की जरूरत बताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हाल के निकाय चुनावों में पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग किया और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करेगी।

ग्रामीण विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी कांग्रेस

एआईसीसी राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि भाजपा सरकार के पास अपनी उपलब्धियों के नाम पर जनता को बताने के लिए बहुत कुछ नहीं है। इसके विपरीत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास तथा दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और युवाओं के लिए लागू की गई योजनाओं और कार्यों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। बैठक में यह भी कहा गया कि राहुल गांधी की ओर से लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे पर चलाए जा रहे अभियान को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here