जयपुर। जवाहर नगर स्थित सिंधी सेंट्रल एसोसिएशन एवं मातृ शक्ति टीम के संयुक्त तत्वावधान में पारंपरिक सिंधी व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 33 प्रतिभागियों ने सिंधी समाज की समृद्ध पाक-परंपरा को प्रस्तुत करते हुए दाल-पकवान, मिर्च पकोड़ा, दाल छोला डबल, सिंधी थाली, तहरी, खुराक, मोहन थाल और माजून सहित कई पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए।
संस्था के अध्यक्ष रतन ऐलानी ने कहा कि भोजन किसी भी समाज की संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। निर्णायक सोनिया गिडवाणी, वर्षा छतानी और मोहन नानकानी ने स्वाद, प्रस्तुति, स्वच्छता और पौष्टिकता के आधार पर व्यंजनों का मूल्यांकन किया।
संयोजिका चंचल लक्खी ने बताया कि नाश्ता श्रेणी में हर्षिता कालरा एवं रिद्धि कालरा प्रथम, जिया जयचंदानी द्वितीय तथा कविता झूरानी तृतीय रहीं। भोजन श्रेणी में रिचा सुखानी प्रथम, कविता झूरानी द्वितीय और भव्या वाधवाणी तृतीय स्थान पर रहीं। मिठाई श्रेणी में दिशा तलरेजा प्रथम, नम्रता खत्री द्वितीय तथा मोनिका केसवानी तृतीय रहीं।
तुलसी संगतानी और विजय धनवानी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सिंधी संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ साईं मुकेश साध ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया।



















