मुहाना मंडी में ताले तोड़कर चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
32

जयपुर। मुहाना मंडी स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ताले तोड़कर चोरी करने वाले शातिर नकबजन को मुहाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र उर्फ सोनू (26) निवासी मौजमाबाद जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से चोरी व नकबजनी के छह मामले दर्ज हैं।

आरोपी से पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलने की संभावना है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि मुहाना थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

पुलिस पड़ताल में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में मुहाना मंडी सहित आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

इस कार्रवाई करने वाली टीम में मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया, हेड कांस्टेबल कानासिंह और भंवरलाल, तकनीकी शाखा के लोकेश व रामसिंह तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश, दामोदर, जादूराम और सचिन शामिल रहे।

थानाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार 11 अगस्त को परिवादी लोकेश प्रजापत ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मुहाना मंडी गेट नंबर-1 पर उसकी मनी ट्रांसफर की दुकान है। 29 अप्रैल को वह दुकान का आधा शटर गिराकर जरूरी काम से बाहर गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर दुकान में घुस गया और करीब 20 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गया।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी रोष था। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने संदिग्धों और पूर्व में चालान शुदा अपराधियों से पूछताछ की। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के बाद गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here