सोशल मीडिया पर धमकी देने वाला शातिर बदमाश रिंकू लुहासा गिरफ्तार

0
38
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से परिवादी को जान से मारने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी रिंकू सिंह उर्फ रिंकू लुहासा (29) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कुल पांच मामले दर्ज हैं।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि परिवादी सुरेश नरूला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तकनीकी सहायता और विशेष टीम की मदद से आरोपी को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है, जो कथित रूप से पैसे लेकर गैंग बनाकर विवादित जमीनों पर कब्जा करने का काम करता है।

पुलिस के अनुसार आरोपी इससे पहले भी परिवादी से जुड़े शिप्रा बैकेट हॉल में तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में जेल जा चुका है। हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (rinkuchoudhary1180) पर तोड़फोड़ से जुड़े वीडियो और धमकी भरे लहजे में रील्स अपलोड कीं।

इन रील्स के माध्यम से उसने परिवादी पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और सूचना तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस कार्रवाई में कांस्टेबल प्रभास की विशेष भूमिका रही। वहीं टीम में कांस्टेबल जयदेव, छोटूराम, मंगलराज, सुरेश चौपड़ा और नारायण भी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here