उपनिरीक्षक भर्ती: शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 20 हजार 798 अभ्यर्थियों की सूची जारी

0
106

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर (गृह ग्रुप-1) विभाग प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। आयोग द्वारा जारी सूची में कुल 20 हजार 798 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है।

आयोग सचिव ने बताया कि 5 और 6 अप्रैल 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा में शामिल होने तथा संबंधित सेवा नियमों के अनुसार निर्धारित न्यूनतम उत्तीर्णांक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को पात्रता की शर्त पर शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

उन्होंने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी महानिदेशक एवं महानिरीक्षक पुलिस, राजस्थान, जयपुर के पास होगी। पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा की तिथि, समय और अन्य आवश्यक निर्देशों की सूचना पुलिस विभाग द्वारा यथासमय उपलब्ध कराई जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता संबंधी जांच अभी नहीं की गई है। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, आयु, आरक्षण एवं अन्य पात्रता संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन साक्षात्कार के समय किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थी स्वयं यह सुनिश्चित कर लें कि वे भर्ती नियमों के तहत निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं।

आयोग ने यह भी बताया कि ओएमआर उत्तरपत्रक में निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण 1 हजार 744 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया गया है। इन अभ्यर्थियों ने 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में दिए गए पांच विकल्पों में से किसी भी विकल्प को नहीं भरा था। ऐसे सभी अयोग्य अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी कर दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के रूप में अब शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here