ई-मित्र वॉट्सऐप का बढ़ा दायरा:अब वॉट्सऐप पर घर बैठे मिलेंगी 103 सरकारी सेवाएं

0
52
Expanded scope of e-Mitra WhatsApp: Now, 103 government services will be available on WhatsApp from the comfort of your home.
Expanded scope of e-Mitra WhatsApp: Now, 103 government services will be available on WhatsApp from the comfort of your home.

जयपुर। सरकारी सेवाओं को आमजन तक आसानी से पहुंचाने की दिशा में राजस्थान सरकार की ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का दायरा लगातार बढ़ रहा है। 1 जुलाई को नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस सेवा को लॉन्च किया था। तब उपलब्ध 51 सेवाओं की संख्या अब बढ़कर 103 हो गई है। इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 2.32 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन दर्ज किए जा चुके हैं।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता के अनुसार बजट घोषणा 2025-26 में ई-मित्र वॉट्सऐप के जरिए 100 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। नागरिक 9461062705 वॉट्सऐप नंबर के जरिए इन सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।

ई-मित्र वॉट्सऐप पर राजस्व, गृह, जन आधार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, डिस्कॉम, स्थानीय निकाय, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हैं। इन्हें एप्लीकेशन, डाउनलोड, पेमेंट और स्टेटस चेक चार श्रेणियों में रखा गया है।

वर्तमान में 103 सेवाओं में 32 एप्लीकेशन, 36 डाउनलोड, 6 पेमेंट और 29 स्टेटस चेक सेवाएं शामिल हैं। नागरिक बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, ईडब्ल्यूएस आय एवं परिसंपत्ति प्रमाण-पत्र, नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन, बिजली संबंधी शिकायत और पुलिस शिकायत जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।

डाउनलोड श्रेणी में जन आधार कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जमाबंदी, राशन कार्ड प्रमाण-पत्र, एनएफएसए प्रमाण-पत्र और बिजली बिल सहित विभिन्न दस्तावेज सीधे मोबाइल पर प्राप्त किए जा सकते हैं। इनमें जन आधार कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जमाबंदी और राशन कार्ड प्रमाण-पत्र का नागरिकों ने विशेष रूप से अधिक उपयोग किया है।

पेमेंट श्रेणी में बिजली और पानी के बिल का भुगतान, बिजली विभाग की डिमांड का भुगतान तथा राजस्थान महिला निधि की ईएमआई पेमेंट की सुविधा है। वहीं स्टेटस चेक के जरिए ई-मित्र ट्रांजैक्शन, जॉब कार्ड, बिजली शिकायत तथा विभिन्न योजनाओं के आवेदन और लाभ की स्थिति देखी जा सकती है।

ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का उपयोग करने के लिए मोबाइल में 9461062705 नंबर सेव करना होगा। इसके बाद इस नंबर पर ही ,हेलो, ई-मित्र या टीम लिखकर संदेश भेजना होगा। इसके बाद उपलब्ध सेवाओं की सूची में से जरूरत के अनुसार सेवा का चयन किया जा सकता है। सेवा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है और चुनी गई भाषा के अनुसार आगे के विकल्प दिखाई देते हैं।

विभाग इन सेवाओं को ई-मित्र मोबाइल एप्लीकेशन और ई-मित्र कियोस्क पर भी एपीआई इंटीग्रेशन के जरिए उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। संबंधित विभागों के साथ मिलकर इस पर कार्य किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को अलग-अलग माध्यमों पर समान और सुविधाजनक सेवा अनुभव मिल सके।

सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराकर सेवा वितरण को सरल, त्वरित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है। आने वाले समय में नई सरकारी सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से ई-मित्र वॉट्सऐप पर जोड़ा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here