जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपए के एक प्लॉट पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जा करने की साजिश का खुलासा करते हुए बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कोरोना काल में दिवंगत हुए एक आरएएस अधिकारी की संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी अनुबंध पत्र, बैचाननामा और इकरारनामा तैयार कर जेडीए में पट्टा अपने नाम करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विनीता बैरवा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जहां जांच में सामने आया कि श्याम नगर क्षेत्र स्थित पार्वती नगर विस्तार के एक कीमती प्लॉट को लेकर आरोपी प्रेमचंद बैरवा और उसके बेटे विपुल सुलानिया ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर स्वामित्व का दावा किया था।
जेडीए में रिकॉर्ड की जांच के दौरान फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा तथा एसीपी सोडाला सत्येंद्र सिंह नेगी के सुपरविजन में गठित टीम ने प्रेमचंद बैरवा (56) और उसका पुत्र विपुल सुलानिया (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेजों को आगे बढ़ाने में किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



















