12वीं में पास कराने का झांसा देकर छात्रा से ठगे 22 हजार

0
40

जयपुर। नारायण विहार थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा ओपन बोर्ड से पास कराने का झांसा देकर एक छात्रा से 22 हजार रुपये ठगने और फर्जी मार्कशीट देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक प्रेमचंद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हेड कांस्टेबल सुभाष चन्द ने बताया मानसरोवर निवासी 19 वर्षीय छात्रा ने रिपोर्ट करवाई है कि उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण वह नियमित पढ़ाई नहीं कर सकी थी और ओपन बोर्ड से 12वीं करना चाहती थी। इसी दौरान एक परिचित ने उसे प्रेमचंद नामक शिक्षक के बारे में बताया। आरोपी ने छात्रा और उसकी मां को नारायण विहार स्थित अपने घर बुलाकर 22 हजार रुपये में ट्यूशन सहित 12वीं की पढ़ाई और परीक्षा पास कराने का दावा किया।

आरोप है कि आरोपी ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से राशि वसूल ली तथा छात्रा की परीक्षा भी अपने घर पर ही करवाई। परीक्षा की कॉपियां भी उसने अपने पास रख लीं। बाद में छात्रा को 12वीं उत्तीर्ण होने की जानकारी देकर व्हाट्सएप पर मार्कशीट भेज दी।
जब छात्रा ने कॉलेज में प्रवेश के लिए मार्कशीट प्रस्तुत की तो उसे फर्जी बताया गया।

जांच में सामने आया कि बोर्ड के रिकॉर्ड में उक्त मार्कशीट का कोई विवरण दर्ज नहीं है। निजी नौकरी के लिए आवेदन के दौरान भी दस्तावेज को नकली बताया गया। पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने कथित रूप से डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने न्यायालय के आदेश के बाद नारायण विहार थाने में मामला दर्ज कराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here