जयपुर। जयपुर में राजस्व आसूचना निदेशालय ने नार्कोटिक्स तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी मूल की एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला भारी मात्रा में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ लेकर बस से मुंबई जा रही थी। केंद्रीय जांच एजेंसियां अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य कनेक्शनों और स्थानीय मददगारों की सरगर्मी से पड़ताल कर रही हैं।
डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की खेप लेकर बस के जरिए सफर कर रही है। इस सटीक सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने 19 मई को जयपुर में नाकाबंदी की और मुंबई जा रही एक ट्रैवल बस को रुकवाया। बस में सवार संदिग्ध विदेशी महिला के सामान की सघन तलाशी लेने पर अधिकारी भी हैरान रह गए।
विदेशी महिला ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। उसने नशे की इस भारी खेप को अपने ट्रॉली बैग के अंदर कपड़ों और तकिये के कवर में छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन डीआरआई की पैनी नजरों से वह बच नहीं सकी। टीम ने महिला के बैग से मेथामफेटामाइन 2256 ग्राम, कोकीन/मेथाक्वालोन 142 ग्राम, एमडीएमए 46 ग्राम बरामद कर ली।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ रुपये है कीमत
पकड़े गए इन सिंथेटिक और हाई-प्रोफाइल ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.56 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। डीआरआई की टीम ने आरोपी महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। महिला से कड़ी पूछताछ की जा रही है कि उसने यह ड्रग्स कहां से ली थी और मुंबई में इसे किसे डिलीवर किया जाना था।



















