अवैध पिस्टल-दो जिंदा कारतूस सहित एक हथियार तस्कर गिरफ्तार

0
37

जयपुर। राजधानी में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधियों के नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और दौलतपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार जब्त की है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि जयपुर शहर में चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘आग’ (एक्शन अगेंस्ट गन्स) के तहत सीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-48 पर अवैध हथियारों की डील होने वाली है।

इस पर सीएसटी और दौलतपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दौलतपुरा थाना क्षेत्र में ऋषभ ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने सर्विस रोड पर खड़ी एक संदिग्ध लग्जरी कार को घेर लिया। तलाशी के दौरान कार में बैठे युवक के पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

आरोपी हथियार संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिस पर सौमेश मीणा उर्फ दिनेश (34) निवासी दौसा हाल सांगानेर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लग्जरी कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार किस सप्लायर से खरीदा गया और इसे जयपुर में किस गैंग या बदमाश को पहुंचाया जाना था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here