जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए मालिक की पिकअप चोरी करने वाले उसके ही नौकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई पिकअप बरामद कर ली। वहीं एक अन्य मामले में दो स्कूटी चोरों को भी गिरफ्तार कर चोरी की एक्टिवा बरामद की गई है।
जयपुर पूर्व की पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादी देशदीपक गर्ग ने 20 मई को आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 मई को उनके घर के बाहर खड़ी कमर्शियल पिकअप चोरी हो गई। मामला दर्ज होने के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल एवं सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में थानाधिकारी मनीष गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। संदेह होने पर पुलिस ने परिवादी के नौकर शिब्बू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दौसा जिले के मुर्शीदनगर से चोरी गई पिकअप बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी शिब्बू (32) पुत्र नजर मोहम्मद निवासी खोह नागोरियान का रहने वाला है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में आदर्श नगर थाना पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले में जेल में बंद दो आरोपियों रवि शर्मा (50) निवासी पुरानी बस्ती, नाहरगढ़ और सुरेश कुमार सोनी (53) निवासी नाहरगढ़ रोड, पुरानी बस्ती को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है।
थानाधिकारी मनीष गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम में सहायक उपनिरीक्षक बलदेव कुमार, रामावतार, हेड कांस्टेबल मक्खन लाल तथा कांस्टेबल मनोहर लाल, तेजवीर सिंह, धर्मेंद्र कुमार, विद्याधर, धर्मसिंह, आदित्य कुमार और दिनेश चंद शामिल रहे। पिकअप चोरी की ब्लाइंड वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करने में कांस्टेबल मनोहर लाल और धर्मेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही।



















