जयपुर। सिंधीकैम्प थाना पुलिस ने बस स्टैंड पर सोती हुई सवारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि सिंधीकैम्प थाना पुलिस ने बस स्टैंड पर सोती हुई सवारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर मोबाइल चोर दिनेश (25) अजमेर के भिनाय जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ जयपुर के अशोक नगर, अजमेर के कृष्णागंज, क्लॉक टावर, नसीराबाद, बिजयनगर सहित भीलवाड़ा और ब्यावर जीआरपी थानों में चोरी तथा आर्म्स एक्ट के 9 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिनेश बेहद शातिर है। वह देर रात या तड़के बस स्टैंड पर घूमता रहता था और वहां सो रही या आराम कर रही सवारियों की रेकी करता था। जैसे ही सवारी की आंख लगती, वह चुपके से उनकी जेब या सामान से मोबाइल पार कर देता था।
थानाधिकारी माधो सिंह ने बताया कि 18 मई 2026 को परिवादी नवीन ने थाने में मामला दर्ज कराया था कि नवीन अपने भाई जयदीप को परीक्षा दिलाने के लिए 17 मई को हरिद्वार से रवाना होकर 18 मई की अलसुबह करीब 3 बजे सिंधीकैम्प बस स्टैंड पहुंचे थे।
बस स्टैंड पर नवीन की तबीयत खराब होने और उल्टियां होने के कारण वह वहीं लेट गया, जबकि उसका भाई पानी लेने बाहर चला गया। इसी दौरान नवीन की आंख लग गई और किसी शातिर चोर ने उसकी जेब से नया ‘रेडमी नोट मोबाइल फोन चुरा लिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस कि विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और शातिर आरोपी दिनेश को धरदबोचा।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी माधो सिंह के साथ हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और कांस्टेबल राजेंद्र की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य चोरी के मोबाइलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















