जयपुर। रामगंज थाना पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ एमडी के मुख्य सप्लायर राकेश कच्छावा और उसके साथी अशोक कुमार उर्फ एडी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनामी आरोपी राकेश कच्छावा को नागौर से दबोचा है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि 8 मार्च 2026 को गलता गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भगत सिंह और विकास को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 163.60 ग्राम एमडी बरामद की थी। इस मामले की जांच के दौरान ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां सामने आने पर अनुसंधान रामगंज थाना पुलिस को सौंपा गया।
जहां रामगंज थानाधिकारी सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य सप्लायर राकेश कच्छावा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। जिस पर 10 हजार का इनाम घोषित था।
तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस टीम ने नागौर में दबिश देकर मुख्य आरोपी राकेश कच्छावा पुत्र अणदाराम कच्छावा निवासी नागौर तथा उसके साथी अशोक कुमार उर्फ एडी पुत्र डूंगरराम निवासी नागौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एमडी सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और जयपुर सहित अन्य जिलों में नशे की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एमडी कहां से तैयार होकर आती थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।



















