जयपुर। राजस्थान में आंतरिक सुरक्षा और साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एटीएस और भादरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में छापेमारी कर मुख्य आरोपी कुलदीप शर्मा को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस एवं एजीटीएफ दिनेश एम.एन. के नेतृत्व में यह कार्रवाई एटीएस के आईजी राजेश सिंह, डीआईजी योगेश यादव और एसपी ज्ञानचंद यादव के सुपरविजन में की गई। एटीएस जयपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आर्य समाज धर्मशाला के पास स्थित एक अवैध आधार सेंटर पर दबिश दी गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप शर्मा अन्य व्यक्तियों की ऑपरेटर आईडी का दुरुपयोग कर फर्जी आधार कार्ड बना रहा था। पुलिस को मौके से डमी फिंगरप्रिंट, रेटिना की फोटो प्रतियां और फर्जी हस्ताक्षर के साक्ष्य मिले, जिनके जरिए बायोमेट्रिक सिस्टम को धोखा दिया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार इस तरह तैयार किए गए फर्जी आधार कार्ड का उपयोग साइबर अपराध, फर्जी सिम जारी कराने और बैंक खातों के माध्यम से ठगी जैसे गंभीर अपराधों में किया जा सकता था। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया।
मौके से लैपटॉप, प्रिंटर, आईरिस डिवाइस, फिंगरप्रिंट उपकरण, जीपीएस डिवाइस, कैमरा और मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच भिरानी थानाधिकारी लखवीर सिंह को सौंपी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आरोपी के मोबाइल और लैपटॉप का फोरेंसिक विश्लेषण कर नेटवर्क के संभावित अंतरराज्यीय लिंक की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में एटीएस जयपुर के एएसआई कुलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार सहित स्थानीय पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




















