गोविंददेवजी मंदिर: जन्माष्टमी से एक दिन पहले बदली रहेगी दर्शन व्यवस्था

0
33
Govind Dev Ji Temple: Darshan arrangements to change a day before Janmashtami.
Govind Dev Ji Temple: Darshan arrangements to change a day before Janmashtami.

जयपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों के चलते श्री गोविंद धाम ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देव जी महाराज में 3 सितंबर, गुरुवार को विशेष दर्शन व्यवस्था लागू रहेगी। 4 सितंबर को होने वाले जन्माष्टमी महोत्सव के मद्देनजर मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए 3 सितंबर को मंदिर छांव में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा। जन्माष्टमी के लिए की जा रही बैरीकेडिंग व्यवस्था को अंतिम रूप देने के कारण यह व्यवस्था लागू की गई है।

मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार 3 सितंबर को मंदिर छांव में प्रवेश नहीं होने के कारण जूते-चप्पल खोलने की व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं रहेगी। श्रद्धालुओं से अपने जूते-चप्पल सुरक्षित स्थान पर उतारकर मंदिर आने की अपील की गई है।

जलेब चौक की ओर से आने वाले श्रद्धालु मंदिर के मुख्य द्वार गेट नंबर-1 से प्रवेश करेंगे। यहां से निर्धारित लाइन में आगे बढ़ते हुए मंदिर छांव के बाहर बनाए गए रैंप से दर्शन करेंगे। इसके बाद यू-टर्न लेकर गेट नंबर-2 से बाहर निकलेंगे।

इसी तरह ब्रह्मपुरी और कंवर नगर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गेट नंबर-7 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालु निर्धारित लाइन से होते हुए मंदिर छांव के बाहर रैंप के नीचे से दर्शन करेंगे और यू-टर्न लेकर गेट नंबर-6 से बाहर निकलेंगे।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। श्रद्धालु कीमती सामान, बैग, कैमरा और नारियल आदि साथ नहीं लाएं। बीमार, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भीड़ से बचाने की सलाह दी गई है। श्रद्धालु अपने साथ पीने के पानी की बोतल ला सकते हैं।

मंदिर परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के नजर आने पर तत्काल पुलिस या मंदिर प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here