जयपुर। पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर बुधवार को मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश का विशेष पंचामृत महाअभिषेक और 1008 मोदकों का महाभोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर महंत पंडित कैलाश शर्मा के सान्निध्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह 8 बजे भगवान गणेश का गंगाजल से पवित्र स्नान कराया जाएगा। इसके बाद केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र और गुलाब इत्र से अभिषेक किया जाएगा। फिर 151 किलो दूध, 21 किलो दही, 54 किलो शुद्ध घी, 21 किलो बूरा, शहद सहित पंचामृत से भगवान का महाभिषेक होगा। अनुष्ठान के अंत में पुन: गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया जाएगा।
सुबह 11 बजे गणपति सहस्त्रनाम के मंत्रोच्चार के बीच भगवान को 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद गणेशजी को नवीन एवं आकर्षक पोशाक धारण कराकर पुष्पों से सुसज्जित फूल बंगले में विराजमान किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान को खीर का विशेष भोग भी अर्पित किया जाएगा। मंदिर की ओर से अभिषेक में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को नि:शुल्क रक्षा सूत्र भी वितरित किए जाएंगे।
इन मंदिरों में भी होगा पुष्य अभिषेक
पुष्य नक्षत्र पर नाहरगढ़ स्थित गढ़ गणेश मंदिर, ब्रह्मपुरी स्थित नहर के गणेशजी, बड़ी चौपड़ स्थित ध्वजा धीश गणेश जी, सूरजपोल स्थित श्वेत सिद्धि विनायक, दिल्ली रोड स्थित आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश आश्रम, चौड़ा रास्ता स्थित काले गणेशजी, गलता गेट स्थित गीता गायत्री गणेश मंदिर तथा आगरा रोड स्थित गंगोत्री गणेश मंदिर सहित शहर के विभिन्न गणेश मंदिरों में भी विशेष पुष्य अभिषेक एवं पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित होंगे।



















