चांदपोल से निकली भव्य श्री राम बारात: जगह-जगह हुआ स्वागत, रामलीला मैदान में गूंजे जयकारे

0
39
Grand Shri Ram procession sets out from Chandpole
Grand Shri Ram procession sets out from Chandpole

जयपुर। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति के तत्वावधान में बुधवार को राजधानी में उत्साह और उल्लास के साथ भव्य श्रीराम बारात निकाली गई। पारंपरिक वैभव के साथ चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी से रवाना हुई यह बारात शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।

श्रीराम बारात का शुभारंभ चांदपोल स्थित मंदिर श्री रामचंद्र जी से हुआ। यहां से बारात चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया गेट, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट और बापू बाजार होते हुए न्यू गेट रामलीला मैदान तक पहुँची।

बारात में सजे हुए अलग-अलग रथों पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न स्वरूप विराजमान थे। मार्ग में विभिन्न व्यापार मंडलों और स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रीराम बारात का भव्य स्वागत किया गया। बारात के साथ चल रहे श्रद्धालु भक्ति भाव से नाचते-झूमते नजर आए और पूरे मार्ग में रंगीन आतिशबाजी ने उत्सव के माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।

निर्धारित मार्गों से होते हुए जब बारात रामलीला मैदान पहुँची, तो वहाँ का वातावरण पूरी तरह राममय हो गया। रामलीला मैदान पर श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज, श्री सरस निकुंज के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया, सांसद मंजू शर्मा और अन्य गणमान्य अतिथियों ने सम्मिलित रूप से आरती उतारी। आयोजन के तहत बुधवार को विशेष रूप से राम विवाह का प्रसंग संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here