
जयपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर वरुण पथ मानसरोवर में गणिनी आर्यिका विभा श्री माताजी ससंघ के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जयपुर सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. आईपी जैन एवं मृदुला जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। महिला मंडल की मोनिका जैन और अंतिमा जैन ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। इस दौरान मुकेश जैन परिवार, अमित लुहाड़िया एवं आशीष लुहाड़िया ने गुरु पूजन कराया, जबकि मनीष जैन व पायल जैन शाह परिवार (धनबाद) तथा महिला मंडल ने गणिनी आर्यिका विभा श्री माताजी का पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट कर गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
आयोजकों के अनुसार 32 परिवारों ने माताजी एवं संघ को वस्त्र भेंट कर धर्म लाभ अर्जित किया। समारोह में समाज के अनेक वरिष्ठजन, महिला-पुरुष, युवा और बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। आयोजन समिति ने बताया कि 26 जुलाई को माताजी ससंघ का मंगल प्रवेश हुआ था, जबकि 2 अगस्त को मंदिर परिसर में भव्य चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।


















