जयपुर। तृतीय एशियन पैरा ओलंपिक थ्रोबॉल चैंपियनशिप के जन-जागरूकता अभियान के तहत आयोजित अवेयरनेस रैली में ‘हरे कृष्ण मूवमेंट , गुप्त वृंदावन धाम ने सेवा और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की।
संस्था की ओर से रैली में शामिल हुए देश-विदेश के पैरा खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों, स्वयंसेवकों और आमजन के बीच पौष्टिक व स्वादिष्ट ‘खिचड़ी प्रसादम्’ का वितरण किया गया। इस सेवा पहल का मुख्य उद्देश्य खेल के मैदान में उतरे जाँबाज दिव्यांग खिलाड़ियों को पोषण प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सहयोग और समावेशिता का संदेश देना था।
इस जन-जागरूकता रैली के विशेष अवसर पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत और वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न राज्यों और देशों से आए पैरा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। रैली के दौरान खिलाड़ियों और नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेकर खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
हरे कृष्ण मूवमेंट के उपाध्यक्ष अनंतशेष दास ने संस्था के सेवा संकल्प को दोहराते हुए कहा, “हमारी संस्था समाज के विभिन्न वर्गों के लिए पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सेवा का मतलब केवल सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना भी है।” उन्होंने आगे भी इस तरह के जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
खिलाड़ियों ने सराहा स्वाद और पोषण:-
रैली के दौरान हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा वितरित किए गए गरम-गरम खिचड़ी प्रसादम् को सभी प्रतिभागियों ने बेहद चाव से ग्रहण किया और इसे स्वास्थ्यवर्धक व स्वादिष्ट बताया। उपस्थित गणमान्य अतिथियों और नागरिकों ने संस्था के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।



















