जयपुर। हाथोज धाम स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर में आयोजित पंच दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत आज हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज के सान्निध्य में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुए। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत गुरु कृपा सत्संग मंडल, जयपुर द्वारा संगीतमय श्रीराम नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन एवं रामनाम के जयघोष से संपूर्ण हाथोज धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इसके पश्चात भगवान नृसिंह अवतार की भव्य झांकी एवं नृसिंह लीला की शोभायात्रा हाथोज धाम मंदिर से प्रारंभ होकर हाथोज के मुख्य मार्ग तक निकाली गई। बैंडवादन, आकर्षक झांकियों, धार्मिक ध्वजों एवं जयघोषों के साथ निकली शोभायात्रा ने सभी का मन मोह लिया।
मार्ग में जगह-जगह ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, स्वागत-सत्कार एवं आरती कर शोभायात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया। महोत्सव भंडारा प्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें संत समाज एवं श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक स्वागत कर प्रसादी ग्रहण कराई गई।
इस अवसर पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि गुरु की कृपा से ही ज्ञान, भक्ति और आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। राम नाम संकीर्तन, धार्मिक लीलाएँ और ऐसे आध्यात्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के सशक्त माध्यम हैं। ये समाज में धर्म, संस्कार, समरसता, सेवा और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करते हैं।
महोत्सव में जगद्गुरु रामानुजाचार्य नागोरिया पीठाधीश्वर स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज, महन्त महावीर जती महाराज शिवमठ गाड़ोदा, महंत मनोहरशरण दास महाराज पलसाना, महंत राजाराम दास महाराज बदनपुरा गणेश मंदिर, महंत अयोध्यादास महाराज आमेर, महंत कालिदास महाराज नायन धाम, महामंडलेश्वर सियाराम दास महाराज गलता गेट, रामसेवक दास महाराज पापड़ के हनुमान जी, विष्णु दास नागा महाराज सहित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।



















