
जयपुर। राजस्थान आंगनवाड़ी महिला कर्मचारी संघ ने अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) से संबद्धता ग्रहण कर संगठन में शामिल होने की घोषणा की है। संघ की प्रदेशाध्यक्ष शाहिदा बानो ने विभिन्न जिलों की प्रतिनिधियों के साथ महासंघ कार्यालय में प्रमुख महेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र राणा से मुलाकात कर औपचारिक प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर महासंघ के संरक्षक सियाराम शर्मा, महामंत्री विपिन शर्मा, दौसा जिलाध्यक्ष एन.आर. वालोत, प्रवक्ता अशोक भागोती और जयपुर जिलाध्यक्ष के.के. यादव ने उनका स्वागत किया।
शाहिदा बानो ने पिछले 17 दिनों से चल रहे आंगनबाड़ी कर्मियों के आंदोलन को बिना किसी मांग पर स्पष्ट निर्णय के समाप्त किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव और कुछ बाहरी लोगों के हस्तक्षेप के कारण आंदोलन को समय से पहले खत्म किया गया, जिससे प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जयपुर में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित कर महासंघ के सहयोग से आगे की रणनीति तय की जाएगी।
महासंघ प्रमुख महेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र राणा ने भरोसा दिलाया कि महासंघ, शाहिदा बानो के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के हितों की रक्षा और उनकी मांगों के समाधान के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा। इस दौरान कोटा, झालावाड़, बारां, दौसा सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।


















