जयपुर यातायात पुलिस ने चलाया मॉडिफाइड साइलेंसर, बम्पर और प्रेशर हॉर्न पर रोड-रोलर

0
31

जयपुर। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान के दौरान जब्त किए गए 175 मॉडिफाइड साइलेंसर, 350 अवैध बम्पर और 30 प्रेशर हॉर्न पर रोड-रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण रोकने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और वाहनों की मूल संरचना में अवैध बदलाव करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान 502 वाहन चालकों के खिलाफ मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, 402 वाहन चालकों पर प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने तथा दो हजार से अधिक वाहन चालकों के विरुद्ध अवैध बॉडी और चेसिस मॉडिफिकेशन के मामलों में चालान और जब्ती की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने मौके पर ही वाहनों से अवैध साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और बम्पर उतरवाकर जब्त किए।

डीसीपी यातायात योगेश गोयल ने बताया कि एसयूवी और अन्य वाहनों पर लगाए जाने वाले लोहे या स्टील के मॉडिफाइड बम्पर सड़क दुर्घटनाओं के दौरान गंभीर खतरा पैदा करते हैं। इनके कारण वाहन के सेंसर सही समय पर काम नहीं कर पाते और एयरबैग नहीं खुलते, जिससे वाहन सवारों की जान का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है।

उन्होंने लोगों से वाहनों में ऐसे अवैध बदलाव नहीं कराने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here