जयपुर के विकास को मिलेगी नई गति: 575 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी

0
59

जयपुर। जयपुर शहर में यातायात व्यवस्था, सड़क आधारभूत ढांचे, जल निकासी, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के विकास को गति देने के लिए जेडीए ने 575 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण की पीडब्ल्यूसी की 10वीं बैठक हुई। जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में मंथन सभागार में हुई बैठक में विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गईं।

गोपालपुरा बाईपास पर त्रिवेणी नगर आरओबी से गुर्जर की थड़ी के पास तक एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए 250.85 करोड़ रुपए की संशोधित स्वीकृति दी गई। रामनिवास बाग में फूड एरिना के विकास, निर्माण, कंसल्टेंसी, संचालन एवं रखरखाव के लिए ईपीसी मोड पर 6.37 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।

विद्याधर नगर जोन-बी 1 में एमआईसीई सेंटर के निर्माण के लिए 42.22 करोड़ रुपए तथा बेनाड़ रोड, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, निवाई रोड और आसपास के क्षेत्रों में ड्रेनेज कार्यों के लिए 58.36 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।

जोन-सी 2 में प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ निर्माण एवं विकास के लिए 6.33 करोड़ रुपए और मानसरोवर के शिप्रा पथ के होलिस्टिक डेवलपमेंट के लिए 26.32 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। वहीं दुर्गापुरा रोड पर सी.के. बिरला के पास से त्रिवेणी नगर स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय तक सेक्टर रोड के निर्माण के लिए 8.53 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा कालवाड़ रोड पर एनएच बाईपास से बांडी नदी तक तथा निवाई रोड, जोन-12 क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेन निर्माण के लिए 176.22 करोड़ रुपए मंजूर किए गए।

जेडीसी ने कहा कि इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क एवं ड्रेनेज ढांचे, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों के समग्र विकास को गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here