जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) का 45वां स्थापना दिवस बुधवार को जेडीए मुख्यालय में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर जेडीए परिवार की सुख-समृद्धि, प्रगति और जनसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने की कामना की।
स्थापना दिवस समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा, जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने नागरिक सेवा केंद्र भवन के बेसमेंट में नवनिर्मित वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) रूम का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता और त्वरित निर्णय प्रक्रिया को और अधिक मजबूती मिलेगी।
जेडीसी ने स्थापना दिवस पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित, सुशासन और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।



















