तत्कालेश्वर महादेव मंदिर में सहस्त्र घट व 56 भोग का भव्य आयोजन

0
36

जयपुर। श्रावण मास के अवसर पर सांगानेर के श्योपुर गांव स्थित तत्कालेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को सहस्त्र घट, 56 भोग और 1100 दीपकों की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया और फूल बंगला झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

आचार्य पंडित रमेश शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सहस्त्र घट अभिषेक संपन्न हुआ। भगवान भोलेनाथ का सुगंधित द्रव्यों, पंचामृत एवं विभिन्न फलों के रसों से विधिवत अभिषेक किया गया। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान का मनमोहक फूल बंगला सजाया गया तथा उन्हें शीतलता प्रदान करने वाले फलों और विभिन्न मिष्ठान्नों का भोग अर्पित किया गया।

मंदिर में विराजमान राम दरबार की भी विशेष पूजा-अर्चना की गई और छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई। शाम को बैंड-बाजों के साथ श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के माहौल में 1100 दीपकों से भगवान शिव की महाआरती की, जिससे पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

आयोजक महावीर टेलर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव के रुद्र स्वरूप का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। मान्यता है कि रुद्राभिषेक से ग्रह बाधाओं का निवारण होता है तथा जीवन की अनेक समस्याओं से मुक्ति मिलती है। इस अनुष्ठान में शिवलिंग का पवित्र स्नान कर वैदिक विधि से पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भगवान भोलेनाथ को दाल-बाटी-चूरमा का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here