जयपुर। बापू नगर स्थित जनता स्टोर के समीप श्री सिद्धपीठ शनिधाम नवग्रह मंदिर में श्रावण कृष्ण सप्तमी के अवसर पर बुधवार को मंदिर का पाटोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान शनि महाराज का 551 किलो दूध से दुग्धाभिषेक किया गया तथा विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।
मंदिर प्रवक्ता नारायण गौशिल ने बताया कि पाटोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने शनि महाराज का दुग्धाभिषेक कर काली वस्तुएं अर्पित कीं और शनि स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुए अभिषेक के बाद भगवान शनि को नवीन पोशाक धारण कराई गई।
पूरे मंदिर परिसर को मोगरे के सुगंधित फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान का मनोहारी फूल बंगला सजाया गया और खीर का भोग अर्पित किया गया। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शनि के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर में आए सभी श्रद्धालुओं को खीर प्रसादी वितरित की गई। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था और ‘जय शनिदेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।



















