जयपुर। विधाधर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण के मामले में पिछले 18 महीनों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिराना तरीके से अपनी पहचान छुपा रहा था और उसने अपने सभी डिजिटल संपर्क काट दिए थे।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) श्री करण शर्मा ने बताया कि विधाधर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण के मामले में पिछले 18 महीनों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी आरोपी राहुल कुमार सैन उर्फ काली (26) मूल रूप से गांव कोडिया (करौली) हाल दौलतपुरा को गिरफ्तार किया है। जो इलाके में छिपकर रह रहा था।
आरोपी राहुल कुमार इतना शातिर था कि उसने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। यही नहीं, उसने अपनी फेसबुक आईडी और अन्य सभी सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद कर दिए थे ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर सके। उसकी लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि 31 अगस्त 2024 को विद्याधर नगर थाने में एक लड़के के अपहरण और उसके साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़के को तो उसी समय दस्तयाब कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी राहुल कुमार सैन उर्फ काली घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
जहां इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत और एसीपी शास्त्रीनगर सुरेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी विश्लेषण और जमीनी सूचनाओं के आधार पर पीछा करते हुए आरोपी को दौलतपुरा (जयपुर) से धर दबोचा।




















