जयपुर। शहर के मालवीय नगर क्षेत्र में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सहयोग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल ने बताया कि पुलिस टीमों ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की। आरोपी की पहचान राहुल घुरैया उर्फ राज उर्फ राहुल निवासी ग्वालियर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।
वहीं जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी को शरण देने और फरार होने में मदद करने वाले दो सहयोगी—शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ (टोंक) और बाबूलाल बराला (टोंक) को भी अलग-अलग स्थानों से डिटेन किया गया। दोनों आरोपियों ने मुख्य आरोपी को छिपाने और भगाने में सहायता की थी।
मुख्य आरोपी राहुल घुरैया गिरफ्तारी के डर से मध्यप्रदेश में एक अन्य मामले में कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका था, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश में आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी सहित 33 गंभीर मामले दर्ज हैं, वहीं जयपुर के रामनगरिया, सांगानेर और बजाज नगर थानों में भी इसी प्रकार की घटनाओं के मामले दर्ज हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि सहयोगी आरोपियों द्वारा संचालित स्पा सेंटरों के माध्यम से आरोपी को संरक्षण दिया गया। पुलिस इस एंगल से भी गहन जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया व समाचार माध्यमों से एक घटना सामने आई, जिसमें एक राहगीर गर्भवती महिला के साथ छेड़छाड़ की बात सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जयपुर पुलिस ने जवाहर सर्किल थाने में प्रकरण संख्या 170/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।




















